मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेला में श्रद्धालुओं के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। जनरल श्रेणी के कोच वाली ये ट्रेनें 12 जनवरी से 16 जनवरी के बीच गोरखपुर से बढ़नी और नौतनवां तक चलेंगी।
ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे के परिचालन विभाग ने शेड्यूल तय कर लिया है। तय शेड्यूल के मुताबिक गोरखपुर-बढ़नी स्पेशल (55095) गोरखपुर से 12 जनवरी से 15 जनवरी तक रात 8:45 बजे चलेगी और रात 12:10 बजे बढ़नी पहुुंचेगी। वापसी में ट्रेन बढ़नी से 13 से 16 जनवरी तक देर रात 2:45 बजे चलकर सुबह 6:40 बजे गोरखपुर पहुुंचेगी। इसी तरह गोरखपुर-नौतनवां एक्सप्रेस (55097) नौतनवां से 12 से 15 जनवरी तक रात 10:45 बजे चलकर गोरखपुर रात 1:45 बजे पहुुंचेगी। वहीं गोरखपुर से यह ट्रेन 13 से 16 जनवरी के बीच देर रात 2:30 बजे चलकर सुबह 5:45 बजे पहुंचेगी। दोनों ही ट्रेनें रास्ते में पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशन और हाल्ट स्टेशन पर रुकेंगी।
रोडवेज लगाएगा 40 अतिरिक्त बसें
खिचड़ी मेले में श्रद्धालुओं की होने वाली भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने 13 से 15 जनवरी के बीच 40 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। आनंदनगर और ठूठीबारी मार्ग पर सबसे ज्यादा पांच-पांच बसें चलेंगी जबकि अन्य सभी मार्गों पर 10 फीसदी बसें बढ़ा दी जाएंगी। गोरखपुर से 384 बसें विभिन्न रूटों पर चल रही हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय ने बताया कि बड़हलगंज, सहजनवां, देवरिया और पड़रौना रूट पर पहले से ही पर्याप्त संख्या में बसें चल रही हैं, इन रूटों पर 10 फीसदी संख्या बढ़ाई जाएगी। ये बसें 13 जनवरी की शाम से 15 जनवरी को दोपहर तक चलेंगी।