रंगदारी वसूलने वाले हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने पीपीगंज के थानेदार प्रभातोष श्रीवास्तव और काम में लापरवाही बरतने पर बेलघाट के थानेदार सौरभ कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया है। कुछ दिनों पहले सहजनवां से पीपीगंज-जसवल मार्ग पर जाने वाली गाड़ियों से गुंडा टैक्स वसूलने की शिकायत मिली थी।
जांच में हिस्ट्रीशीटर गुड्डू ढाढ़ी का नाम आया था। हिस्ट्रीशीटर ने कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के एक प्रत्याशी को रोककर उनसे भी गुंडा टैक्स मांगा तो यह मामला एसएसपी तक पहुंच गया। उन्होंने एसओ प्रभातोष को तलब कर आरोपी को गिरफ्तार करने को कहा, मगर 22 दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर एसओ पर कार्रवाई हुई। उधर, लापरवाही बरतने पर बेलघाट के थानेदार सौरभ कुमार राय को भी लाइनहाजिर कर दिया गया। पीपीगंज में हरी सिंह और बेलघाट में आशुतोष को नया प्रभारी बनाया गया है।