गोरखपुर की भानपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत छनवतिया में शुक्रवार दोपहर निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक ढह गया। जिसके मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक को भर्ती करा दिया गया है। सूचना पर एसडीएम भानपुर, सीओ और सोनहा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर ढांढस बंधाया।
शुक्रवार दोपहर छनवतिया के शब्बीर अहमद के निर्माणाधीन भवन की सटरिंग की जा रही थी। जहां अचानक छज्जा गिर गया। चीख पुकार शुरू हो गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी जुट गए। सटरिंग के समय गांव के दो लोग बतौर मजदूर कार्य कर रहे थे जबकि एक रुधौली के थे। मलबे के अंदर गांव के ही मजदूर राजेश कुमार (29) वर्ष व रामू (18) फंसे थे जिनकी निकाले जाने तक मौत हो गई जबकि 58 वर्षीय परशुराम निवासी नेवादा थाना रूधौली गंभीर रूप से घायल हुए।
आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मजदूरों के घर में कोहराम मच गया। सूचना पर एसडीएम राजेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रूधौली शिव प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्र पहुंचे। घटना स्थल का जायजा लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की और पीड़ित परिवार को ढांढस बधाया। निर्माणाधीन भवन का छज्जा गिरने से दो मजदूरों के मौत के मामले में एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।