80 हजार की लूट के मामले का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
पीपीगंज इलाके में फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई थी लूट
बदमाशों के पास से 9500 रुपये और मोबाइल फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार करके पीपीगंज इलाके में स्वयं सहायता समूह चलाने वाली फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 80 हजार रुपये लूटे जाने का पर्दाफाश किया। दोनों के पास से 9500 रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पीपीगंज इलाके में 16 जुलाई को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी व पिपराइच निवासी अनिरुद्ध कुमार के साथ लूट हुई थी। तुर्कवलिया रानीडीह रोड पर जसवल के पास घटना कर बदमाश सहजनवां की ओर फरार हो गए थे। मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि जंगल कौड़िया के पास कुछ संदिग्ध खड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को दबोच लिया। दोनों की पहचान सहजनवां के पुंडा निवासी शशिकांत भट्ट और चिलुआताल के रामपुरचक निवासी आदर्श यादव के रूप में हुई।
25 हजार का ईनामी बदमाश गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखनाथ में दर्ज गैंगेस्टर के मुकदमे में फरार 25 हजार का ईनामी बदमाश मानवेंद्र सिंह उर्फ मानू को पुलिस ने धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। वह 2019 में हुई शाहपुर इलाके में संतोष की हत्या में भी शामिल था। एसएसपी ने बताया कि बदमाश के बारे में मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी थी। वह धर्मधाला ओवरब्रिज के नीचे खड़ा था। टीम ने घेराबंदी उसको हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मानवेंद्र के रूप में हुई।
लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। 20 हजार के इनामी बदमाश सुरेंद्र निषाद को खजनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर लूट सहित कई मामलों में केस दर्ज है। गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी। पुलिस कुर्की का नोटिस लेकर उसके घर गई थी। उसी दौरान वह घर पर मिल गया।