जेई पर पेट्रोल फेंककर जलाने की कोशिश
मुर्गी फार्म की जांच में कामर्शियल की जगह मिला था घरेलू कनेक्शन
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस, हिरासत में लिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
बाघनगर/संतकबीरनगर। दुधारा के उंचहरा कला गांव में मुर्गी फार्म के बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचे जेई पर संचालक के बेटे ने पेट्रोल फेंककर जलाने की कोशिश की। बाद में निगम के कई जेई और कर्मी पहुंच गए और हंगामा हो गया। चौकी प्रभारी ने समझा-बुझाकर विद्युत कर्मियों को थाने भेजा। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज देने और जानमाल की धमकी का केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार को बिजली बिल जमा कराने के लिए गांव में कैंप लगा था। इसी दौरान जेई विजय सिंह कुशवाहा मीटर रीडर व लाइमैन परमानंद, दिलीप, सेराज, कोमल, पप्पू, सच्चिदानंद के साथ कनेक्शन की जांच करने लगे। शाम पांच बजे वह बिकवा पुरवा पर असदुल्लाह के मुर्गी फार्म पहुंचे। जेई ने जब संचालक के बेटे मोहम्मद आमिर से कामर्शियल बिजली कनेक्शन न होने के बारे में पूछा तो वह भड़क गया। कुछ ही देर में वह घर से बिजली के कागजात और बोतल में पेट्रोल लेकर आ गया। आरोप है कि आमिर ने जेई के ऊपर पेट्रोल फेंक दिया और आग लगाने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने भागकर जान बचाई। लोगों ने आमिर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला।
सूचना मिलते ही मेंहदावल सब स्टेशन से जुड़े जेई और कर्मचारी पहुंच गए। चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार भी पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को समझाकर थाने भेजा। बाद में आरोपी को पकड़ लिया गया। इधर, थाने पहुंचे कर्मचारी कार्रवाई पर अड़ गए। पीड़ित जेई विजय सिंह कुशवाहा ने तहरीर दी। इसी दौरान थाने पहुंची मुर्गी फार्म संचालक की पत्नी जुबैदा खातून ने बताया कि उनके बेटे का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसकी दवा चल रही है। पुलिस जांच में जुटी है।