स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रवेश को लेकर चल रहे जिलास्तरीय ट्रायल के आखिरी दिन चार खेलों में 21 खिलाड़ियों ने मंडलीय ट्रायल के लिए जगह बनाई है। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे ट्रायल में रविवार को एथलेटिक्स, बाक्सिंग, हैंडबॉल और जूडो के लिए आयोजन हुआ। बालक वर्ग में एथलेटिक्स के लिए 20 बालकों ने पंजीकरण कराया, जिसमें 13 खिलाड़ियों का चयन हुआ। वहीं बाक्सिंग में छह ने हिस्सा लिया, जिसमें चार चयनित हुए। हैंडबॉल में पांच खिलाड़ियों ने भाग लिया, इसमें चार का चयन हुआ। जूडो में किसी खिलाड़ी ने रूचि नहीं दिखाई।
चयनित खिलाड़ी सोमवार से शुरू हो रहे मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इससे पूर्व रविवार को हुए ट्रायल में खिलाड़ियों ने पांच स्तरीय फिजिकल टेस्ट को पास कर स्किल टेस्ट के लिए जगह बनाई । स्किल टेस्ट के बाद चयनित खिलाड़ियों के नाम घोषित किए गए। ट्रायल उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रशिक्षक डॉ. हरिराम यादव की देखरेख में हुआ। इस दौरान संजय राय, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रेम प्रकाश, हैंडबाल खिलाड़ी अशोक शाही, प्रवीन यादव आदि मौजूद थे।