जीडीए ने तारामंडल रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान अपना समान हटाते लोग।
- फोटो : Rajesh Kumar
जीडीए की टीम ने सोमवार को देवरिया बाईपास से भगत चौराहे तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क के दोनों ओर जेसीबी से अवैध कब्जे हटवाए गए। ग्रीन बेल्ट से टीम ने पक्के निर्माण समेत करीब 50 झुग्गी-झोपड़ियों से ढहाया।
देवरिया बाईपास, तारामंडल आदि क्षेत्रों में लोगों ने ग्रीन बेल्ट पर सरिया, सीमेंट, मोरंग, गिट्टी आदि डालकर कब्जा कर रखा है। एई राकेश प्रताप और एई एसपी अरविंद की अगुवाई में जीडीएम टीम ने सोमवार को सबसे पहले संजय ट्रेडर्स के अतिक्रमण को हटाया। यहां पर जेसीबी से काफी तोड़फोड़ की गई। दुकान के आगे डाले गए टीनशेड को ढहाया गया। बगल के नाले पर पास के भवन स्वामी ने अतिक्रमण कर रखा था।
इसे भी हटवाया गया। ग्रीन बेल्ट पर कब्जा कर रखे गए गिट्टी, बालू, मोरंग आदि को इधर-उधर फेंक दिया गया। झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़ दिया गया। एई राकेश प्रताप ने बताया कि सिद्धार्थपुरम व सिद्धार्थ इक्लेव में दो अवैध निर्माण भी ध्वस्त किया गया है। सड़क की पटरी पर कमरे का निर्माण करवाया गया था, जिसे हटवा दिया गया है। बताया कि संजय ट्रेडर्स, अभिलाषा ट्रेडर्स, उत्कर्ष ट्रेडर्स, जायसवाल स्टील सहित 50 झुग्गी-झोपड़ी पर ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण करने को लेकर कार्रवाई हुई है। टीम में जेई ज्ञानेश्वर सिंह, रंजीत सिंह, यशपाल सिंह, रामेश्वर दुबे आदि शामिल थे। जीडीए उपाध्यक्ष अवधेश तिवारी ने बताया कि 4, 5 अक्टूबर को भी अभियान जारी रहेगा।