आज शहर में होंगे सीएम, विकास कार्यों का तोहफा देंगे
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय (31 जुलाई व एक अगस्त) दौरे पर बुधवार को शहर में होंगे। वह अलग-अलग विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। साथ ही गुरुद्वारा और मंदिरों में पूजा-पाठ करेंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार को दोपहर 12 बजे शहर आएंगे। फिर मोहद्दीपुर गुरुद्वारा में दर्शन करने जाएंगे। उसके बाद मोहद्दीपुर और जटाशंकर गुरुद्वारा के सुंदरीकरण सहित अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण करेंगे। दोपहर में ही मुख्यमंत्री मुक्तेश्वरनाथ मंदिर जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां पूजा-पाठ के साथ मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर के सुंदरीकरण व अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण भी करेंगे। शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री सरस्वती विद्या मंदिर आर्यनगर जाएंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, फिर गोरखनाथ मंदिर आएंगे। मंदिर में ही रात्रि विश्राम करना है। एक अगस्त को मुख्यमंत्री नौसड़ रोडवेज स्टेशन का लोकार्पण करेंगे, फिर भौवापार शिव मंदिर में दर्शन करेंगे। साथ ही मंदिर के सुंदरीकरण व विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण करेंगे।