भारत की नागरिकता और आधार रखने के आरोप में गिरफ्तार तिब्बत
- फोटो : अमर उजाला
भारत-नेपाल सीमा सोनौली के रास्ते दिल्ली से पोखरा जा रही एक बस की जांच में शनिवार सुबह आव्रजन अधिकारियों ने एक तिब्बती नागरिक को भारत की नागरिकता और आधार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर सोनौली पुलिस को सौंप दिया है।
आव्रजन अधिकारी सुधीर पासवान कृष्णानन्द पांडेय के साथ भारत से नेपाल आने जाने वाले यात्रियों की जांच कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली से नेपाल पोखरा जाने के लिए पर्यटक बस सोनौली पहुंची। यात्रियों की जांच के लिए आव्रजन अधिकारियों ने सभी से पासपोर्ट और वीजा पहचान पत्र की मांग की। तासी नमगे भूटिया निवासी दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल ने भारतीय निर्वाचन और आधार कार्ड दिखाया। जिस पर संदेह होने पर युवक को रोक लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि युवक मूलत: तिब्बती है व नेपाल में शरणार्थी के रूप में रह रहा है। युवक के पास तिब्बती रेफ्यूजी वेलफेयर ऑफिस काठमांडू का पत्र भी मिला है, जिसमें नवंबर 2018 को नवांग चोइडक निवासी कनाडा ने युवक और उसकी बहन को गोद लिया है। युवक ने बताया कि दार्जिलिंग निवासी उसके मामा ने उसे यह पहचान पत्र बनवा कर दिया है। अभी दो दिन पूर्व ही एक तिब्बती नागरिक को पुलिस ने जेल भेजा था। कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि आव्रजन अधिकारियों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।