दुकान का छज्जा गिरने से घायल कमलेश यादव व गणेश जिला अस्पताल इलाज के लिए आये ।
- फोटो : Rajesh Kumar
लालडिग्गी में सोमवार को नगर निगम की दुकान का छज्जा गिरने से दुकानदार सहित तीन लोग उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई है।
लालडिग्गी में रोहित गौड़ (25) की चाय की दुकान है। इनकी दुकान पर गणेश कन्नौजिया (32) काम करता है। सोमवार दोपहर को झमाझम बारिश हो रही थी। इस दौरान कमलेश यादव (45) दुकान पर दूध लेकर आया था। बारिश की वजह से अचानक दुकान का छज्जा टूटकर गिर गया। रोहित, गणेश और कमलेश उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकला। सूचना पाकर पार्षद सौरभ जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सौरभ ने बताया कि नगर निगम की दुकान रोहित के नाम पर है। दुकान दीवार और छत पूरी तरह से जर्जर हो गई थी। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी भी दी जा चुकी है। बावजूद इसके कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस संबंध में नगर आयुक्त बीएन सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं मिली है। चीफ इंजीनियर से इस संबंध में जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।