गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर पिपरा में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार खड़े ट्रक में टकरा गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है।
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ निवासी संजय गुप्ता बुधवार को पत्नी रिंकी उर्फ पूजा गुप्ता (35), पुत्र शिवम (13), पुत्री श्रीजल (11), बेटे ओम (तीन) और सास निर्मला (55) के साथ अपने साले की पत्नी की विदाई कराने लक्ष्मीपुर गए थे।
दिन में तीन बजे के करीब वह साले की पत्नी मनोरमा (30) और बेटा युवराज (2) को लेकर वापस कोल्हुई लौट रहे थे। अभी वे कोल्हुई से थोड़ा पहले पिपरा पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि उनकी कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में खड़े ट्रक से टकरा गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने मनोरमा, रिंकी उर्फ पूजा और ओम को मृत घोषित कर दिया। घायलों में श्रीजल और निर्मला की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।