जिले की 22 सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर कर दिया है। 39 किलो मीटर लंबी सड़क की मरम्मत पर तीन करोड़ खर्च होंगे। विभागीय अभियंताओं का कहना है कि कार्य को जुलाई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। इन सड़कों की मरम्मत की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे।
जिले की बदहाल सड़कों की दशा सुधारने के लिए प्रदेश सरकार ने दावा किया था कि जून तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। उसी के तहत जिले की 22 सड़कों की मरम्मत के लिए शासन से तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता ने टेंडर करा दिया। सभी टेंडर भी ओपेन हो गया। विभाग ने ठेकेदारों से कहा है कि वह अपना एग्रीमेंट करा लें। साथ ही शीघ्र कार्य को पूरा करने को कहा जा रहा है।
जिन सड़कों का मरम्मत होना है उनमें प्रमुख सड़कों में रानीपुर संपर्क मार्ग, बारीगांव संपर्क मार्ग, बांसगांव बाया बकुलहा सरसो संपर्क मार्ग, बांसगांव, उरुवा मार्ग से रावतमार्ग सहित कुल 22 सड़कों पर मरम्मत का कार्य कराया जाना है।
22 सड़कों के मरम्मत का टेंडर कर दिया गया है। जिन ठेकेदारों को कार्य मिला है उनसे जल्द ही एग्रीमेंट करा कर कार्य को शुरू कराने को कहा गया है। सभी कार्य जुलाई तक हर हाल में पूरा करा लिया जाएगा।
- एके सिंह, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड