डोमिनगढ़ से कैंट स्टेशन होकर कुसम्ही तक तीसरी रेल लाइन बनाने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए रेल प्रशासन ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 21.15 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन को बिछाने के लिए रेलवे बोर्ड ने 21 लाख का बजट आवंटित किया है। तीसरी लाइन के बन जाने से आउटर पर ट्रेनें नहीं खड़ी होंगी, वहीं मालगाड़ियां भी फर्राटे से गंतव्य को रवाना हो सकेेंगी।
रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों और मालगाड़ियों की संख्या बढ़ने से रेलवे लाइन पर लोड काफी बढ़ा गया है। आए दिन मेन लाइन खाली न होने के चलते ट्रेनों को आउटर पर रोक दिया जाता है। पूरा सफर तय करने के बाद स्टेशन के पहले ट्रेन रुकने से यात्री परेशान हो जाते हैं। मालगाड़ियां भी काफी देर तक खड़ी रहती हैं। वर्ष 2016 के बजट में तीसरी लाइन को मंजूरी दे दी गई थी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि तीसरी लाइन बिछाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे ट्रेनों के संचालन में काफी सहूलियत मिलेगी।
बोर्ड को भेजा गया है सहजनवां-दोहरीघाट का डीपीआर
सहजनवां से दोहरीघाट के बीच नई लाइन बिछाने के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर रेलवे बोर्ड को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। 70.45 किमी लंबी इस रेल लाइन को बिछाने के लिए 744 लाख का बजट रेल मंत्रालय ने मंजूर किया है। इस लाइन के बनने से सहजनवां से लेकर दोहरीघाट के आसपास रहने वाले लोग भी रेल सेवा से जुड़ जाएंगे।