डग्गामार बसों के खिलाफ भले ही आरटीओ और पुलिस का अभियान बंद हो गया हो लेकिन रोडवेज प्रशासन ने ग्यारह और बसों को चिह्नित किया है। यह वह बसें हैं जो रोडवेज के रंग में रंगी हैं और बस स्टैंड के आसपास डग्गामारी कर रहीं हैं।
बीते दिनों रोडवेज की तरफ से एसएसपी को दो बार इन डग्गामार बसों की लिस्ट सौंपी जा चुकी है। शुक्रवार को रोडवेज अधिकारियों ने डग्गामार बसों की तीसरी लिस्ट तैयार भी तैयार कर ली है। एआरएम खुद बसों को चेक करने के बाद लिस्ट पुलिस को सौंपेंगे। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि जिन बसों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वह रोडवेज कलर में चल रहीं हैं। रोडवेज कलर में प्राइवेट बसें चलाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि डग्गामार बसें सिर्फ रोडवेज कलर में ही नहीं चला रहीं बल्कि इसी तरह फर्जी टिकट भी देती हैं।
इस संबंध में गोरखपुर डिपो के एआरएम महेश चंद्र ने बताया कि ग्यारह बसों को चिह्नित कर लिया गया है। लिस्ट देखने के बाद मुकदमा दर्ज करने के लिए एसएसपी को पत्र भेजा जाएगा।