नेपाल बॉर्डर पर रहने वाले किराएदारों का पुलिस सत्यापन करेगी। डीआईजी ने महराजगंज, कुशीनगर के पुलिस कप्तान को पत्र लिखकर एक माह के भीतर इस प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है। दोनों जिले के 12 थानों का क्षेत्र नेपाल बॉर्डर से सटा है। तीन दिन पहले सोनौली में रहने वाले आजमगढ़ के युवक के पास से नेपाली सिमकार्ड और कॉल डिवाइस मिलने के बाद पुलिस ने यह पड़ताल शुरू की है।
सोनौली बॉर्डर के पास किराए के मकान में रहने वाले आजमगढ़ के असलम उर्फ फैजल के कमरे से पुलिस ने 32 नेपाली सिमकार्ड और कॉल डिवाइस बरामद की थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। देश विरोधी गतिविधि में शामिल होने के अंदेशा में महराजगंज पुलिस ने आजमगढ़ में दबिश देकर फैजल को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मकान मालिक और एक अन्य सहयोगी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। खुफिया एजेंसियों के नेपाल बार्डर पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोग का जमावड़ा होने का अंदेशा जताए जाने के बाद डीआईजी ने कुशीनगर, महराजगंज के एसपी को पत्र लिखकर किराए पर कमरा लेकर रहने वाले लोगों की छानबीन करने का निर्देश दिया है।
बॉर्डर से सटे महराजगंज के सोनौली, नौतनवां, बरगदवां, सोहगीबरवा, परसामलिक और कुशीनगर के कोतवाली, हनुमानगंज, नेबुआ नौरंगिया, विशुनपुरा, जटहा, सेवरही, तरयासुजान थाने में शामिल है।
इन बातों की करनी है पड़ताल
बॉर्डर के पास रहने वाले लोग मूल निवासी कहां के हैं।किराए पर कमरा लेकर बॉर्डर पर रहने का कारण क्या है। परिवार के कौन-कौन से लोग इनके साथ रहते हैं। किराएदारों के मूल निवास वाले थाने से इनके बारे में पड़ताल की जाएगी। नेपाल बॉर्डर के आसपास किराए पर कमरा लेकर रहने वाले लोगों के बारे में छानबीन करने का निर्देश दिया है। कुशीनगर, महराजगंज एसपी से एक माह के भीतर पूरी छानबीन कर किराए पर रहने वाले लोगों का विवरण देने को कहा गया है। - शिवसागर सिंह, डीआईजी