सर्राफा व्यापारी नितिन अग्रवाल की हत्या के शोक में घंटाघर की बंद दुकानें।
- फोटो : shivharsh
घंटाघर के रहने वाले सर्राफा व्यवसायी नितिन अग्रवाल की हत्या से व्यवसायियों में शोक की लहर है। सोमवार को सर्राफा व्यवसायियों ने शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक की दुकानों को बंद रखा। इस दौरान व्यापारियों ने दोपहर में नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास की अगुवाई में एसएसपी से मिले और ज्ञापन सौंप 48 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश करने की मांग की।
घटना के बाद रविवार की देर शाम सर्राफा व्यवसायियों ने शोक में दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया था। सोमवार को शहर के उर्दू बाजार, अलीनगर सहित अन्य इलाकों के सर्राफा व्यवसायियों ने दुकानों को बंद कर सर्राफा भवन पर एकत्र हुए, जहां दो मिनट का मौन रख मृतक को श्रद्धांजलि दी गई। दोपहर में व्यवसायी नगर विधायक की अगुवाई में एसएसपी रामलाल वर्मा से मिले। नगर विधायक ने कहा कि सर्राफा व्यवसायियों से आए दिन हो रही लूट, हत्या व चोरी की घटनाएं चिंता का विषय है। वहीं पुलिस का रवैया भी सर्राफा व्यवसायियों के प्रति उदासीन रहता है। रविवार को घटना के बाद भी नितिन केघरवालों को मुकदमा दर्ज कराने में परेशानी उठानी पड़ी। वहीं पोस्टमार्टम को लेकर भी पुलिस का रवैया भी उदासीन था। उन्होंने पुलिस से घटना का जल्द पर्दाफाश करने केसाथ सर्राफा व्यवसायियों की मुख्य बाजार में पुलिस पिकेट की व्यवस्था बनाई जाने की मांग की। सर्राफा मंडल के अध्यक्ष शरद चंद अग्रहरी ने कहा कि अगर घटना का 48 घंटे की भीतर पर्दाफाश नहीं हुआ तो सर्राफा व्यवसायी आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान पुष्पदंत जैन, अतुल सर्राफ, विनीत अग्रवाल, नीरज सर्राफ, मदन वर्मा, राकेश वर्मा, महेश वर्मा, मनोज सर्राफ, रामनाथ सर्राफ, दिनेश सर्राफ, आनंद जैन, रमेश, विश्वनाथ, विनोद सर्राफ आदि मौजूद थे।
आरोपियों को मिले सख्त सजा
सर्राफा व्यवसायी नितिन अग्रवाल की दिनदहाड़े हुई हत्या की पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने निंदा की है। सोमवार को हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता ने कहा कि अपराधी कोई भी हो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। बैठक में अजय कुमार जायसवाल, दीनानाथ मोदनवाल, मणिनाथ गुप्त, नारायण चौरसिया, हरिओम जायसवाल, संत बहादुर, सचिन दुआ, सुरेश जायसवाल आदि मौजूद थे।