अपनी ही कार्रवाई से बीएसए दफ्तर चर्चा में है। चेकिंग के दौरान बंद पाए स्कूल में जिस महिला शिक्षक को सस्पेंड किया गया वह मार्च में ही सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। मामला सामने आने पर अब लीपापोती की जा रही है।
बीएसए के नेतृत्व में बुधवार को अभियान चलाकर बड़हलगंज, गोला और गगहा ब्लॉक में स्कूलों में चेकिंग की गई। टीम बड़हलगंज के प्राथमिक विद्यालय चौतीसा गई, जहां स्कूल बंद मिला। बीएसए ने सभी स्टॉफ को निलंबित करने का निर्देश दिया। इसी कार्रवाई में हेडमास्टर मिथिलेश राय को भी सस्पेंड कर दिया गया जबकि वह 31 मार्च को ही सेवानिवृत्त हो गई हैं।
विभाग की लिस्ट में उनका नाम अभी भी प्राथमिक विद्यालय चौतीसा में कार्यरत हैं। बगैर जांच किए जिम्मेदारों ने कार्रवाई की सूची भी सार्वजनिक कर दी। मामला सामने आने पर कार्रवाई की रिपोर्ट में संशोधन किया गया। इस कार्रवाई को लेकर बृहस्पतिवार को पूरे दिन शिक्षकों में चर्चा रही और कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।