पड़ोसी जिले देवरिया के ओमजी की स्वाइन फ्लू से मौत के बाद भी स्वास्थ्य महकमा अलर्ट नहीं हुआ है। इस गंभीर बीमारी से बेखबर अफसर अलर्ट की जगह बीमारी पर ही संदेह जता रहे हैं और बीमारी की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। स्वास्थ्य महकमे की यह हीलाहवाली मरीजों की भारी पड़ सकती है।
मंडल में तेजी से डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं, इन मरीजों की रोकथाम पर भी अफसरों की लापरवाही उजागर होती जा रही है। अफसर इस मामले में भी मौत पर आसपास के इलाकों में फॉगिंग या अन्य कार्रवाई की जगह अपनी पूरी ताकत इस बात को साबित करने में लगा रहे हैं कि मरीज को बीमारी जिले से बाहर रहने के दौरान हुई है। यानी की आंकड़े में ही खेल कर बीमारी को छिपाने की कोशिश हो रही है। इसी बीच स्वाइन फ्लू ने भी दस्तक दे दी है। मंडल के देवरिया जिले में रहने वाले व्यक्ति को नाइजीरिया में रहने के दौरान स्वाइन फ्लू हुआ और लखनऊ में मौत हो गई, मगर अफसर कार्रवाई की जगह इसे बाहर का बताने में ही व्यस्त है।
अभी मुझे इस बारे में पता नहीं है। मरीज के बारे में जानकारी करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बुधवार को इसकी जानकारी की जाएगी। इसके बाद शासन के आदेशानुसार कार्रवाई होगी।
- डॉ. आरके तिवारी, एडी हेल्थ