अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोरखपुर महानगर की ओर से विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में बृहस्पतिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 2000 से ज्यादा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि सुपर 30 के डायरेक्टर आनंद कुमार शामिल हुए। उन्होंने कहा विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक सोच, असीमित ऊर्जा, सही मार्गदर्शन और हार न मानने वाली प्रवृत्ति का होना बेहद जरूरी है। जो युवा और नौजवान आज यहां मौजूद हैं सभी देश के कर्णधार बनने का काम करेंगे।
एबीवीपी के विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख हरि बोरकर ने कहा कि विद्यार्थियों के अंदर हमेशा जुनून और जज्बा होना चाहिए ताकि वह किसी भी मुसीबत से लड़ते हुए देश एवं समाज के लिए कुछ करने को सदैव प्रतिबद्ध रहें। कार्यक्रम में संगठन के प्रांत अध्यक्ष डॉ राजशरण शाही, राष्ट्रीय सहज छात्रा कार्य प्रमुख उमा श्रीवास्तव, महानगर उपाध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश राय आदि उपस्थित रहे।