बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में सोमवार को सातवीं में पढ़ने वाले छात्र ने टीचर को अपशब्द कह दिया। छात्र के होमवर्क पूरा न करने पर टीचर द्वारा क्लास से बाहर किए जाने पर नाराज था। टीचर ने इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की। इसके बाद छात्र हंगामा करने लगा। कॉलेज प्रशासन ने छात्र के पिता को मंगलवार पत्र भेजकर बुलवा लिया है।
बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में जौनपुर का रहने वाला छात्र कक्षा सात में पढ़ता है। सोमवार को डॉ. राजेश पति त्रिपाठी कक्षा सात की क्लास ले रहे थे। इस दौरान वह बच्चों को दिए गए होमवर्कों को चेक कर रहे थे। कक्षा सात में पढ़ने वाले छात्र ने अपना होमवर्क नहीं किया था। इस पर डॉ. राजेश पति त्रिपाठी ने होमवर्क पूरा न करने पर सवाल किया।
छात्र ने कोई जवाब नहीं दिया तो उसे क्लास से बाहर खड़ा कर दिया। आरोप है कि इसके बाद छात्र नाराज हो गया और टीचर को अपशब्द कहता हुआ क्लास से बाहर चला गया, जिसके बाद क्लास में अन्य छात्र हंगामा करने लगे। डॉ. राजेश पति त्रिपाठी ने छात्र की शिकायत प्रधानाचार्य संतोष रावत से की। संतोष रावत ने हंगामा करने वालों को शांत कराया। सूत्रों के मुताबिक हंगामा करने वाले छात्रों की पिटाई भी की गई। इसमें एक छात्र के सिर पर हल्की चोटें भी लगी। प्रधानाचार्य ने किसी भी छात्र की पिटाई की बात को एकदम गलत बताया है।
छात्र के होमवर्क पूरा न करने पर उसे क्लास से बाहर खड़ा कर दिया गया था। इसके बाद छात्र अपशब्द कहने लगा था, जिसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की गई थी। इसमें कोई बड़ा मामला नहीं है।
- डॉ. राजेश पति त्रिपाठी, शिक्षक
छात्र के घरवालों को फोन करके बुला लिया गया है। शिक्षक का आरोप था कि छात्र ने उन्हें अपशब्द कहा है। छात्रों की पिटाई किए जाने की बात एकदम गलत है।
- संतोष रावत, प्रधानाचार्य बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज