इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स के बाहर छात्रों के दो गुट भिड़े
गोरखपुर। इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स के प्रांगण में बुधवार को विद्यार्थियों के लिए मेला लगाया गया था। दोपहर के बाद छात्रों के दो गुट किसी बात पर आपस में टकरा गए। कॉलेज के बाहर हुई मारपीट पुलिस के पहुंचने पर शांत हुई। इसपर प्रबंधन ने मेला समाप्त कर सभी विद्यार्थियों को उनके घर भेज दिया।
इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स के प्रांगण में लगे मेेले में इस्लामिया कॉलेज ऑफ कामर्स, सेठ एमआर जयपुरिया, टिम्स सहित चार स्कूलों के विद्यार्थियों ने 44 स्टॉल लगाए थे। इनपर व्यंजन, निशानेबाजी, गेम्स, डीजे, ड्रिंक्स आदि की सामग्री उपलब्ध थी। मेले में एक-दूसरे से मिलकर विद्यार्थियों ने डीजे पर मौज मस्ती की और जमकर नाचे। स्टॉल्स पर भी जमकर खरीदारी हुई। कई स्टॉलों पर तो एक घंटे में ही सबकुछ बिक गया था।
सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल के छात्रों की जायका बिरयानी और लखनवी शीरमाल थोड़ी ही देर में खत्म हो चुकी थीं। नृत्य और संगीत के बीच ही विद्यालय प्रांगण के बाहर छात्रों के दो गुट किसी बात पर आपस में भिड़ गए। मारपीट होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, पुलिस के पहुंचते ही छात्र इधर-उधर हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद करने वाले छात्रों में एक पुलिस अधिकारी का बेटा है और दूसरा छात्र कॉलेज के पास का निवासी है। स्थानीय पुलिस के अनुसार किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है।