सहजनवां सड़क हादसे में मरे समीर चौहान की फाइल फोटो।
ट्रक की चपेट में आए स्कूटी सवार भाई, एक की मौत
सहजनवां (गोरखपुर)। सहजनवां इलाके के भीटी रावत चौराहे पर बुधवार की सुबह स्कूटी सवार मौसेरे भाई ट्रक की चपेट में आ गए। एक की मौत हो गई। दूसरा छिटककर दूसरी ओर गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस से सूचना पाकर घरवाले मौके पर पहुंचे।
पिपराइच क्षेत्र के जंगल धूसड़ के बेतालपुर टोला निवासी समीर (20) बगल गांव के हैदरगढ़ निवासी मौसेरे भाई सनी चौहान के साथ बुधवार की सुबह आठ बजे स्कूटी से सहजनवां क्षेत्र के चिरैयाडाड़ निवासी अपनी मौसी के घर जा रहे थे। वे अभी भीटी रावत चौराहे के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में स्कूटी आ गई। समीर चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी से दूर गिरे सनी को हल्की चोट आई। आसपास के लोग जब तक पहुंचते, चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक का पहचान कर घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। समीर दो भाई और एक बहन में छोटे थे। वह बीए अंतिम वर्ष के छात्र थे। पिता श्याम सुंदर की दस वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है।