डेढ़ से चार घंटे देर से उड़ान भर सकीं सात फ्लाइटें
गोरखपुर। गोरखपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को पूरे दिन आपाधापी की स्थिति बनी रही। दिल्ली के लिए इंडिगो को छोड़कर सभी सात उड़ानें डेढ़ घंटे से चार घंटे तक देर से गोरखपुर पहुंची और फिर यहां से संबंधित शहरों के लिए उड़ान भर सकीं। मुंबई से गोरखपुर आने वाली फ्लाइट तो अपराह्न तीन बजे की बजाए 7.20 पर पहुंची और आधे घंटे बाद फिर 7.50 बजे मुंबई के लिए उड़ान भर सकी। अबतक ऐसे मौके बहुत कम आए हैं जब गोरखपुर एयरपोर्ट पर शाम ढलने के बाद यात्री विमान उतरा हो या यहां से उड़ान भरी हो।
मुंबई के लिए स्पाइस जेट की दो उड़ानें होती हैं। मुंबई से चार बजे गोरखपुर आने वाली फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे देर से पहुंची। जबकि तीन बजे गोरखपुर एयरपोर्ट लैंड करने वाली फ्लाइट 4.20 घंटे देर से पहुंची और यहां से भी देर से उड़ान भर सकी। इसी तरह दिल्ली जाने वाली स्पाइस जेट, एयर इंडिया के अलावा हैदराबाद, बंगलूरू, कोलकाता और मुंबई के लिए भी उड़ान डेढ़ घंटे देर से हो सकीं। टर्मिनल पर 100 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। ऐसे में सभी फ्लाइट का शेड्यूल बिगड़ने से यात्री पूरे दिन परेशान रहे। एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौसम खराब होने और कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से दिल्ली छोड़ सभी फ्लाइट लेट रहीं।