सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर
गोरखपुर। गीडा इलाके के हरैया गांव के सामने गोरखपुर-खजनी मार्ग पर मंगलवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में ऑटो आ गया। हादसे में ऑटो सवार अरुण त्रिपाठी की मौत हो गई, जबकि चालक शिवशंकर मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्र के मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने बताया कि अरुण काफी होनहार थे। पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा पास करने के बाद दस्तावेज की जांच और शारीरिक मापदंड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह दौड़ की तैयारी कर रहे थे।
खजनी के भरोहिया गांव निवासी शैलेंद्र त्रिपाठी के 22 वर्षीय बेटा अरुण त्रिपाठी मंगलवार की सुबह सात बजे घर से ऑटो में बैठकर शहर में कोचिंग सेंटर से पढ़ने जाने के लिए निकले थे। ऑटो गांव के ही नीलेश उर्फ शिवशंकर विश्वकर्मा चला रहे थे। ऑटो में अरुण के अलावा दो अन्य लोग भी बैठे थे। वे अभी खजनी-गोरखपुर मार्ग पर हरैया गांव के पास पहुंचे थे। गोरखपुर से ईंट गिराकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में ऑटो आ गया।
हादसे में मौके पर ही अरुण की मौत हो गई। वहीं, ऑटो चालक नीलेश उर्फ शिवशंकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।