एसबीआई के प्रशासनिक कार्यालय परिसर में पौधा रोपण करते उप महाप्रबंधक पी सी बरोड़ व अन्य।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे तो रक्तदान पौधरोपण कर निभाया सामाजिक दायित्व
गोरखपुर। भारतीय स्टेट बैंक के स्थापना दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। बैंक प्रशासन की ओर से कई आयोजित कार्यक्रमों के तहत एक ओर रक्तदान और पौधरोपण कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया गया। वहीं, शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
कार्यक्र्रमों की शुरुआत उप महाप्रबंधक पीसी बरोड़ ने पौधरोपण कर की। इसके बाद प्रशासनिक कार्यालय में उप महाप्रबंधक सहित कई उच्चाधिकारियों एवं विभिन्न शाखाओं से आए करीब 50 लोगों ने रक्तदान किया। शाम को प्रशासनिक कार्यालय स्थित सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। उप महाप्रबंधक पीसी बरोड़ ने कहा कि वैसे तो हम अपना 64वां स्थापना दिवस मना रहे हैं परंतु हमारा गौरवशाली अतीत 213 वर्ष का रहा है। सन 1806 में बैंक ऑफ बंगाल और उसके बाद बैंक ऑफ मद्रास और बैंक ऑफ बांबे की स्थापना हुई। 1921 में इन तीनों बैंको का विलय करके इंपीरियल बैंक बनाया गया। एक जुलाई 1955 को भारतीय स्टेट बैंक का गठन कर इंपीरियल बैंक का इसमें विलय कर दिया। सहायक महाप्रबंधक मयंक शेखर ठाकुर, राजेश चौधरी, संजय जायसवाल, पंकज कुमार, विनोद कुमार, श्याम बरनवाल, मनीष मठपाल, संदीप सिंह पंवार, मुख्य प्रबंधक प्रसून कुमार, सुभाष चंद्र, संजय कुमार, कविंद्र मोहन जोशी, राजेश गुप्ता, राजीव रंजन प्रकाश आदि मौजूद रहे।