महराजगंज के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह बड़ा खुलासा करते हुए एसएसबी जवानों ने एक ट्रक के जांच के दौरान करीब 360 बोरी कनाडियन मटर बरामद की। इसके बाद एसएसबी व कस्टम के संयुक्त छापे में राजाबारी पुल के निकट स्थित गोदाम में रखे गए करीब पांच डीसीएम कनाडियन मटर बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह एसएसबी जवानों ने ओड़वालिया के करीब जा रहे एक ट्रक को रोककर जांच की जिसमें करीब 360 बोरी कनाडियन मटर बरामद की गई। पूछताछ के दौरान संबंधित लोगों से जवानों की झड़प होने की बात सामने आ रही है। कड़ाई से पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि मटर ठूठीबारी क्षेत्र के राजाबारी पुल के पास स्थित एक गोदाम से लोड कर लाया जा रहा है।
एसएसबी जवानों ने ट्रक को निचलौल कस्टम को सुपुर्द करते हुए इसकी जानकारी निचलौल कस्टम व ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को दी जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई शुरू हो गई। बताए गए गोदाम से करीब पांच डीसीएम कनाडियन मटर बरामद की गई। इस कार्रवाई में एसएसबी ठूठीबारी बीओपी इंचार्ज कुलदीप कुमार, बरगदवां बीओपी इंचार्ज विश्व दीपक त्रिपाठी, झुलनीपुर बीओपी इंचार्ज संजय कुमार, इंस्पेक्टर विकाश श्रीवास्तव, ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।