कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा कि प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बी-टीम के रूप में काम रही है, जबकि समाजवादी पार्टी की साइकिल मोदी चला रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उसके कैरियर पर बैठने का काम कर रहे हैं।
मंगलवार को सद्भावना बढ़ाओ-अभाव मिटाओ पदयात्रा में शामिल होने गोरखपुर पहुंचे डॉ. खत्री ने प्रेसवार्ता में कहा कि सरकारें सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश रचती हैं ताकि वर्गों का ध्रुवीकरण कर राजनीतिक इस्तेमाल किया जा सके। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की अखिलेश सरकार कुछ ऐसा ही करने में लगी हुई है। दरअसल प्रदेश की सपा सरकार मोदी की बी सरकार के रूप में काम कर रही है।
मोदी मुलायम की तारीफ करते रहते हैं और मुलायम मोदी की। दोनों एक-दूसरे को खुश रखने के लिए काम भी करते रहते हैं। प्रदेश की सपा सरकार ने नरेंद्र मोदी को खुश करने के लिए कांग्रेस पार्टी के उस विधायक पर रासुका लगा दिया, जिसने चुनाव में मोदी को चुनौती देने की हिम्मत की थी। वहीं दूसरी ओर जिन अपराधियों को जेल में होना चाहिए, उन्हें पुलिस अधिकारी सलाम ठोंकने को मजबूर हैं। इस वजह से प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। किसानों, युवाओं सभी की स्थिति खराब है। जिन युवाओं के बल पर केंद्र और प्रदेश सरकारें बनी, उन्हीं को दोनों सरकारों ने ठगने का काम किया है।
केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में नाकाम रही है। वहीं प्रदेश सरकार ने भर्ती घोटाला करके युवाओं को ठगा है। यहां तक की उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग को भी भ्रष्ट बना दिया। केंद्र और प्रदेश सरकार की इन्हीं नीतियों के बारे में लोगों से संवाद करने के लिए हमने पदयात्रा निकाली है।
डिफेंस की स्टैंडिंग कमेटी में उठाएंगे देश की सुरक्षा का मसला
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि आतंकियों का आर्मी या एयरबेस पर हमला चौंकाने वाला है। इससे देश की सुरक्षा के मद्देनजर सरकार की तैयारी सामने आ गई है। पार्लियामेंट स्टैंडिंग कमेटी ऑन डिफेंस के सदस्य के तौर पर हमने चर्चा की मांग की, लेकिन कोई चर्चा नहीं हुई। उम्मीद है कि आठ जनवरी को आयोजित डिफेंस की स्टैंडिंग कमेटी में पठानकोट में आतंकवादी हमले का मसला उठाया जाएगा।
मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान मिस्त्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को प्रेम पत्र लिखना बंद करने की नसीहत दे रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद वो लगातार पाकिस्तान से मिलाप में लगे हुए हैं। परिणाम पठानकोट में आतंकी वारदात के रूप में सामने आया है। जीएसटी बिल के मसले पर उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस को कुछ नहीं करना है।
हमारे तीन सुझाव हैं। अगर मान लिया जाए तो जीएसटी बिल पास हो जाएगा। इस मुद्दे पर वित्त मंत्री का बयान भी हास्यास्पद है कि राज्य सभा में कांग्रेस पार्टी के सदस्यों की संख्या कम होेने पर ही जीएसटी बिल पास होगा। दरअसल इस मसले पर मोदी सरकार की मंशा ठीक नहीं है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मसले पर उन्होंने कहा कि हम तैयारी कर रहे हैं। आने वाले समय में गठबंधन समेत अन्य सभी मसलों पर विचार किया जाएगा।