समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा की हार की नींव गोरखपुर में ही पड़ गई थी। भाजपा की हार का यह सिलसिला अब देश भर में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने देश के किसानों, नौजवानों और आम जनता से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। उसका परिणाम पांचों राज्यों के चुनाव में देखने को मिला है।
वह शनिवार को चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के खड़ेसरी साईं मंदिर सभागार में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा के सहयोग से केंद्र में सरकार बनेगी और भाजपा का पूरे देश से सफाया हो जाएगा। जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी इस कदर है कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीट बचाने में पार्टी नाकाम रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान संगत काम नहीं कर रही है। जो सरकार गरीबों, मजदूरों, नौजवानों, किसानों का भला नहीं कर रही, उसे सपा हटाने का कार्य करेगी। 2019 में गठबंधन का तरीका राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने कहा कि जनता भाजपा के छल को परख चुकी है। कार्यकर्ता संगठित होकर मिशन 2019 के चुनाव के लिए जुट जाएं। पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव व आयोजक पूनम गुप्ता ने कहा कि जनता में सपा की लहर है। सभा को जिला पंचायत सदस्य सुमन पासवान ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष सोमनाथ यादव ने की। पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय कुमार यादव, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य पंकज शाही आदि उपस्थित थे।
जगह-जगह हुआ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
गोरखपुर से मऊ जाते समय सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का हाटा बाजार, मझगांवा, राउतपार सहित अन्य जगहों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। राउतपार में जिला पंचायत सदस्य पंकज शाही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बडहलगंज में विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष सोमनाथ यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव के आवास पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत हुआ। पटना चौराहे पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव पूनम गुप्ता के नेतृत्व में स्वागत किया गया।