अंडरवर्ल्ड से जुड़े बदमाश ने बताया था सोनू का पता
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। असलहा, नकली नोट और मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गगहा के सोनू का पता एनआईए को अंडरवर्ल्ड के लिए काम करने वाले एक बदमाश से मिला था। देवरिया, रुद्रपुर के रहने वाले अपने मामा के लड़के के साथ सोनू पांच साल से इस धंधे में लिप्त था। मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू के साथ ही देश के बड़े शहरों में ये अंडरवर्ल्ड के साथ ही अन्य गिरोह के लोगों को आपूर्ति देते थे। सोनू से पहले एनआईए की टीम ने बुधवार को लखनऊ में अरविंद को असलहे के साथ गिरफ्तार किया था।
एनआईए (नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी) के सदस्यों ने मुंबई में जावेद नाम के युवक को पिस्टल के साथ पकड़ा था। अंडरवर्ल्ड के लिए काम करने वाले जावेद ने पूछताछ में गगहा, कहला गांव के रहने वाले सोनू पांडेय उर्फ धर्मेंद्र का नाम बताया। पूछताछ में पता चला कि सोनू देवरिया, रुद्रपुर के समुदा गांव में रहने वाले अपने मामा के बेटे अरविंद पांडेय के साथ मुंगेर से असलहे की तस्करी कर लाता है। ये मुंबई, दिल्ली, लखनऊ के साथ ही पूर्वांचल के अपराधियों को असलहे बेचते थे। बुधवार को एनआईए की टीम ने अरविंद को लखनऊ में 10 पिस्टलों के साथ पकड़ा था। छानबीन में पता चला कि सोनू के साथ मिलकर उसने कई लोगों को एके 47 भी बेचा है। सोनू की गिरफ्तारी के बाद संभावित स्थानों पर दबिश देने के बाद भी असलहे नहीं मिले। पूछताछ में गिरोह से जुड़े चार अन्य साथियों की जानकारी मिली है। इनके बारे में एनआईए के साथ ही गोरखपुर क्राइम ब्रांच की टीम छानबीन कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में जेल गया सोनू
गगहा के कहला गांव के रहने वाले सोनू उर्फ धर्मेंद्र पर छह मुकदमे दर्ज हैं। गगहा पुलिस उसके खिलाफ मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट के साथ ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर चुकी है। वर्ष 2009 से वह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। एसएसपी लव कुमार ने शुक्रवार की शाम पुलिस लाइंस में प्रेस वार्ता कर बताया कि देश विरोधी गतिविधियों में सोनू और उसके साथियों के शामिल होने के संदेह पर एनआईए की टीम के साथ उसे गिरफ्तार किया गया। छानबीन में उसके पास से 1.14 क्विंटल गांजा मिला है। शुक्रवार की देर शाम गगहा पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।