बार्डर से सटे कुशीनगर और देवरिया के इलाके में शराब के शौकीनों को बिहार में शराब बंदी को लेकर बने कानून के बारे मेें बताया जाएगा। इस कानून की सख्ती का हवाला देते उन्हें आगाह किया जाएगा कि अगर गलती से भी शराब के साथ बिहार बार्डर में दाखिल हो गए तो लंबे फंस जाएंगे। यही नहीं बार्डर से सटे इलाकों में तीन किलोमीटर तक के दायरे में स्थित शराब की दुकानें बंद कराने को लेकर बिहार सरकार, यूपी सरकार से अपील करेगी।
बार्डर से सटे बिहार के अफसरों के साथ गोरखपुर मंडल के कमिश्नर पी गुरुप्रसाद और डीआईजी शिवसागर सिंह की बैठक में सारण मंडल के कमिश्नर प्रभात शंकर ने यह जानकारी दी। गत दिनों कुशीनगर में हुई इस बैठक में सारण के कमिश्नर के अलावा गोपालगंज के एसपी रवि रंजन और सीवान के एसपी सौरभ सिंह समेत कई प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक चली बैठक में शराब की तस्करी रोकने समेत, तस्करी के तरीकों पर चर्चा हुई। गोरखपुर मंडल के कमिश्नर पी गुरुप्रसाद ने बताया कि बैठक के मार्फत कुशीनगर और देवरिया के डीएम, एसपी को गाइडलाइन जारी की जा रही है।
बिहार नंबर की गाड़ियों की सख्त चेकिंग के साथ ही बार्डर की शराब की दुकानों में आबकारी महकमा निरंतर छापेमारी करेगा। इस दौरान शराब पीने वालों को बिहार में शराब बंदी के सख्त कानून की भी जानकारी दी जाएगी।
कमिश्नर ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अगर शराब के साथ बिहार सीमा में पकड़ा गया तो साल भर तक जमानत नहीं हो सकेगी। बिहार में शराब पर रोक के बाद वहां के लोग बार्डर से सटे कुशीनगर और देवरिया क्षेत्र की शराब की दुकानों में शराब पीने जा रहे हैं। कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में शराब मिलाकर तस्करी हो रही है तो वहीं रंग से पहचान न हो इसलिए बड़े पैमाने पर पानी की बोतलों में वोदका मिलाकर तस्करी हो रही है।