खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोलघर स्थित खोवा मंडी की सील की गईं चार दुकानों को खोलकर आज नमूने लिए। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में विभाग द्वारा हुई कार्रवाई के दौरान इनके मालिक दुकान छोड़कर भाग गए थे। काफी देर तक जब कोई नहीं आया तो टीम ने इन दुकानों को सील कर दिया था। गुरुवार को मालिकों की अपील पर टीम ने दुकानों की सील खोलकर वहां से नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब भेजा जा रहा है।
इस दौरान खोवा मंडी के महेश ट्रेडर्स से सोनपापड़ी, नारायण ट्रेडर्स से तिल गुड़ चिक्की, बजरंगी ट्रेडर्स बतीसा तथा शिवा ट्रेडर्स से खावे का एक-एक नमूना लिया गया। शिवा ट्रेडर्स की दुकान से गुणवत्ता खराब मिलने पर टीम ने 20 किलोग्राम खोवा जब्त कर लिया, जिसे नष्ट कराया जाएगा। इसी तरह टीम ने चौरीचौरा के कुसम्ही बाजार स्थित यादव मिष्ठान एवं पनीर भंडार से पनीर, चौरीचौरा चौराहे से पेड़ा, छेने की मिठाई, भोपा बाजार से बेसन का लड्डूू, शाही मिष्ठान एवं जलपान गृह से छेने की मिठाई तथा कुसुम्ही बाजार की एक दुकान से सूजी का नमूना लिया गया। अभिहीत अधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।