रुस्तमपुर-कैंट रोड को वन वे बनाने के लिए पुलिस ने मौके का जायजा लिया।
- फोटो : Amar Ujala
रुस्तमपुर ढाले पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर कैंट चौराहे तक चार पहिया वाहनों और टेंपो के जाने पर रोक लगा दी है। इन वाहनों को अब पैडलेगंज या फिर ट्रांसपोर्टनगर से जाना होगा। यही नहीं, रुस्तमपुर ढाले के पास अब टेंपो भी खड़े नहीं रहेंगे।
शहर के संकरे रास्तों पर वाहनों के दबाव के चलते आए दिन जाम की समस्या सामने आती है। ट्रैफिक पुलिस ने पिछले दिनों जब कैंट चौराहे से बेतियाहाता रोड पर चार पहिया और ऑटो की आवाजाही बंद की तो वहां जाम से काफी हद तक निजात मिली। इसी आधार पर अब यातायात विभाग ने रुस्तमपुर ढाले से कैंट चौराहे वाली सड़क पर कार और टेंपो के जाने पर रोक लगा दी है। रविवार से ही इसे प्रभावी कर दिया गया। हालांकि इस दिन ज्यादा ट्रैफिक न होने से इसका कोई खास परिणाम नहीं दिखा, लेकिन सोमवार को वाहनों का दवाब बढ़ने पर यातायात संभालना पुलिस की बड़ी चुनौती होगी। यदि नई व्यवस्था से जाम से राहत मिली तो इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
इंदिरा बाल विहार रोड पर भी वाहनों पर रोक
गोलघर के इंदिरा बाल विहार पार्क पर शाम के समय लोगों का भीड़ बढ़ जाती है। वहां काफी संख्या में चार पहिया वाहन भी खड़े कर दिए जाते हैं। इसके चलते शाम के समय यहां जाम की समस्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए इस रोड पर भी चेतना तिराहे और एसएसपी आवास की ओर से आने वाले रास्ते पर चार पहिया और टेंपो की आवाजाही बंद कर दी गई है।
शहर के बाहरी हिस्से में चलेंगे चार पहिया वाहन
यातायात पुलिस की यह भी योजना है कि बेतियाहाता चौराहे से कमिश्नर आवास वाली सड़क पर चार पहिया वाहन पर रोक लगाई जाए। इसके पीछे मंशा बाहरी से आने वाले चार पहिया वाहनों को रोड पर खड़ा करने से रोकना है। इसकी भी तैयारी पूरी है। जल्द इसे भी लागू कर दिया जाएगा।
रुस्तमपुर ढाले से कैंट रोड पर चार पहिया और टेंपो की इंट्री बंद की गई है। ट्रैफिक पुलिस बेतियाहाता चौराहे से हनुमान मंदिर रोड पर सर्वे कर रही है। रुस्तमपुर-कैंट रोड पर लागू की गई नई व्यवस्था अगर सफल रही तो इस रोड पर भी इसे लागू कर दिया जाएगा।
- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी, ट्रैफिक