पूर्वांचल बैंक गुलरिहा शाखा में कई दिनों से कैश न मिलने से नाराज महिलाओं और किसानों ने बुधवार सुबह साढ़े दस बजे हंगामा कर बैंक के सामने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग एक घंटे जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। ग्रामीणों का तेवर देख कर्मचारियों ने अंदर से चैनल गेट बंद कर लिया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग कैश की आस में लाइन लगाकर बैंक खुलने का इंतजार कर रहे थे। बैंक खुलने के कुछ ही मिनट बाद कर्मचारियों ने जब कैश न होने की सूचना गेट पर चस्पा कर दी तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सूचना फाड़कर बैंक के सामने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग जाम कर दिया। इस बीच कर्मचारियों ने डर वश अंदर से चैनल गेट बंद कर लिया। यह देख ग्रामीणों ने भी चैनल से सटे शटर को बाहर से बंद कर दिया। इस बीच पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को किसी तरह बाहर निकालकर उन्हें घर भेजवाया।
कैश लेने आए गुलरिहा के याद अली का कहना था कि घर में लड़की की शादी दिसंबर में होनी है। तीन दिन से बैंक का चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन भुगतान नहीं हो रहा है। कुछ इसी तरह की समस्या भलवरिया की फूलमती और जंगल एकला की मुनिया की भी है। इस संबंध में बैंक मैनेजर जनार्दन उपाध्याय का कहना है कि सोमवार को करीब दो सौ लोगों को दो-दो हजार रुपये दिए गए। इसके बाद कैश खत्म हो गया। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही कैश आने की संभावना है।
ग्राहक सेवा केंद्रों पर हंगामा
पिपराइच में भुगतान न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने एसबीआई के दो ग्राहक सेवा केंद्रों पर बुधवार को जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना है कि रकम नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। बताया गया कि सुबह से ही लोग वार्ड संख्या दो और नौ में स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर रकम निकालने के लिए पहुंचे थे। रकम नहीं मिलने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया और जमकर हंगामा किया गया। उधर, पूर्वांचल बैंक की बेला शाखा पर कैश नहीं होने पर खाताधारकों ने कर्मचारियों को अंदर बंद कर दिया। 100 नंबर पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर गेट खुलवाया। मुंडेरा लाला की पूनम गुप्ता, रीठिया के रमेश आदि का कहना है कि कुछ बैंककर्मी खास लोगों को बीस हजार तक दे रहे हैं, लेकिन जरूरतमंद किसानों, शादी वाले परिवारों को हजार दो हजार लेने के लिए कई दिन लाइन में लगना पड़ रहा है। इन लोगों ने बैंक कर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
सिकरीगंज में एटीएम में तोड़फोड़
सिकरीगंज कस्बे में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर लाइन में लगे लोगों में बुधवार की सुबह विवाद हो गया। इस दौरान किसी युवक के पत्थर फेंक देने से एटीएम का शीशा टूट गया। जब पुलिस के आने की खबर लगी तो हंगामा करने वाले फरार हो गए। सिकरीगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर सुबह चार बजे से ही लोग लाइन में लग गए थे। एटीएम में रुपये डालने के बाद करीब नौ बजे शटर खुला। इसके बाद आगे आनेे के चक्कर में लाइन में लगे लोगों में विवाद हो गया। इसी बीच एक युवक ने पत्थर चला दिया। इससे एटीएम का शीशा टूट गया और वहां अफरातफरी मच गई। एटीएम में तोड़फोड़ के बाद लाइन में हंगामा करने वाले लोग पुलिस के आने की सूचना पर भाग निकले।