सड़क हादसे रोकने के लिए परिवहन विभाग सप्ताह में एक दिन हेलमेट चेकिंग अभियान चलाएगा, जिसकी रिपोर्ट हर महीने की पांच तारीख को प्रदेश मुख्यालय भेजी जाएगी। इस संबंध में अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन वीके सिंह ने प्रदेश के सभी आरटीओ को आदेश जारी किया है।
सड़क हादसे रोकने के लिए बाइक खरीदते वक्त हेलमेट लेना अनिवार्य है। बावजूद इसके कई लोग बिना हेलमेट लगाए ही बाइक चलाते हैं। इससे होने वाले हादसे में कमी नहीं आने पर शासन ने हेलमेट चेकिंग अभियान को और भी प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है। अभियान को सफल बनाने के लिए परिवहन विभाग जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेगा, जिससे लोग हेलमेट लगाना अपनी आदत में शामिल कर सकें।
आरटीओ एम अंसारी और आरटीओ प्रवर्तन डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन वीके सिंह का पत्र मिल गया है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी मदद ली जाएगी।