शाखाओं में राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण : अजित महापात्रा
गोरखपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गोरखपुर महानगर इकाई का एकत्रीकरण रविवार को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में हुआ। इसका उद्घाटन अखिल भारतीय सह गौ सेवा प्रमुख अजित महापात्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संघ की शाखा मनुष्य निर्माण की कार्यशाला है। शाखाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति नागरिकों का निर्माण करता है। रोजाना शाखा में जाने से स्वयंसेवक साधारण से असाधारण हो जाते हैं।
स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण रविवार को सुबह सात बजे हुआ। 700 से ज्यादा स्वयंसेवक गणवेश में आए और योग किया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए गौ सेवा प्रमुख अजित महापात्रा ने कहा कि लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर स्वयंसेवक को प्रमाणिकता और तत्परता से काम करना होगा। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संपूर्ण समाज को राष्ट्रीय दृष्टि से जागृत एवं सक्रिय करते हुए सम्पूर्ण समाज को एकत्रित करने का काम किया।
वह देशभक्त के साथ श्रेष्ठ संगठक थे। भारतीय दर्शन, संस्कृति और इतिहास का गहराइयों से अध्ययन किया था, तभी तत्कालीन चुनौतियों, उसके समाधान और भविष्य की योजनाएं स्पष्ट थीं। ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ उनके मन में कैसी चिढ़ थी, यह उनके बचपन के प्रसंगों से दिखता है। संघ का उद्देश्य व्यक्तित्व का निर्माण कर राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाना है।
स्वयंसेवक के अंदर काम करने की असाधारण क्षमता हो जाती है। संघ की प्रेरणा से चलने वाले संगठनों के माध्यम से समाज के बंधुओं को सक्रिय करने का काम लगातार चल रहा है। इस मौके पर गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक सुभाष, सह प्रांत प्रचारक रमेश, प्रांत प्रचार प्रमुख उपेंद्र प्रसाद द्विवेदी, प्रांत कार्यवाह प्रो. संजीत, आत्मा सिंह, उमेश सिंह, संकर्षण, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल और प्रदीप शुक्ला मौजूद रहे।