कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि संप्रग सरकार के दौरान किसानों का 73 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। कांग्रेस पार्टी ही किसानों की असली हितैषी है। अगर प्रदेश में फिर से कांग्रेस पार्टी की सरकार आती है तो न सिर्फ किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा बल्कि बिजली बिल भी हाफ कर दिया जाएगा।
आरपीएन सिंह ने उक्त बातें मोहरीपुर में ‘राहुल संदेश यात्रा’ को झंडी दिखाने के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर मुद्दे पर फेल हो गई है। पीएम केवल लच्छेदार भाषणबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। इस यात्रा के माध्यम से न सिर्फ पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश होगी बल्कि मोदी सरकार के झूठ को भी सामने लाया जाएगा। यात्रा के पर्यवेक्षक एवं बक्सर विधायक संजय तिवारी ने कहा कि ‘27 साल यूपी बेहाल’ नारा जन-जन तक गूंज रहा है। संदेश यात्रा मोहरीपुर से शुरू होकर बरगदवां, राजेंद्रनगर, गोरखनाथ, धर्मशाला बाजार, गंगेश चौराहा, अंधियारीबाग, जाफरा बाजार, घासीकटरा, बक्शीपुर, खूनीपुर, अलीनगर होते हुए चक्सा हुसैन जाकर खत्म हुई।
वहां हुई जनसभा में संजय तिवारी ने कहा कि जनता प्रदेश सरकार से ऊब चुकी है और कांग्रेेस पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है। समाजवादी पार्टी परिवारवादी पार्टी होकर अब विघटन के कगार पर है। बोले, यात्रा 16 से 24 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में निरंतर चलती रहेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल, महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरी, लालचंद निषाद, हरिद्वार पांडेय, डॉ. प्रदीप पांडेय, पंकज तिवारी, डॉ. विजाहत करीम, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, गोरखलाल श्रीवास्तव, दिलीप कुमार निषाद, कृष्ण बिहारी दुबे, पूनम गुप्ता, अनवर हुसैन, दिलीप कुमार निषाद आदि मौजूद थे।
शरद सिंह चुनाव प्रभारी नामित
कांग्रेस सांसद और उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव शरद सिंह को गोरखपुर मंडल का चुनाव समिति वर्ष 2017 का मंडल प्रभारी नामित किया है। राहुल गांधी की किसान यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर यह जिम्मेदारी दी गई है। इस मनोनयन पर कांग्रेसियों ने प्रसन्नता जताई है।
डॉ. अजीज का हुआ जोरदार स्वागत
उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कमेटी ने डॉ. अजीज अहमद को गोरखपुर मंडल कोआर्डिनेशन कमेटी का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके मनोनयन के बाद कांग्रेसियों ने निवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। इस दौरान तलत अजीज, पीएल पुनिया, महेंद्र मोहन, एम. नाथ निषाद, राजेंद्र यादव, राकेश यादव, विशाल पांडेय, रामअशीष निषाद आदि मौजूद थे।