शाहपुर इलाके के पादरी बाजार स्थित मोहनापुर में चोरों ने आरपीएफ सिपाही के बंद मकान को खंगाल डाला। साथ ही चोरों ने मोहल्ले के एक और बंद मकान में हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में दो मकानों में हुई चोरी से मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है।
मोहनापुर निवासी सुनील कुमार आरपीएफ में सिपाही हैं। उनकी तैनाती इस समय लखनऊ में है। घर पर उनकी पत्नी ममता और बच्चे रहते हैं। सोमवार की शाम को बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उनकी पत्नी डॉक्टर को दिखाने चली गईं और रात में अशोकनगर स्थित अपने मायके में ही रूक गईं। मंगलवार की सुबह वह लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि पांच हजार रुपये और कीमती कपड़े गायब हैं। चोरों ने किचन के सामान को भी तितर-बितर कर दिया। पूरे इत्मिनान से चोरों ने आटा के डिब्बे तक को भी खंगाला है।
वहीं दूसरी ओर मोहल्ले के ही रहने वाले शुगर मिल से रिटायर्ड बद्रीनाथ तिवारी के मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बना लिया। बुधवार को बद्रीनाथ तिवारी अपनी पत्नी के साथ लखीमपुर खीरी अपने बेटे के पास गए थे। पड़ोसियों ने ताला टूटा देखकर उन्हें सूचना दी। दोनों ही मामलोें में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।