उरुवा कस्बे के आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए रिटायर्ड सैनिक के खाते से जालसाज ने 34422 रुपये निकाल लिए। रिटायर्ड सैनिक ने जब पासबुक अपडेट कराई तो उन्हें जालसाजी की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है।
उरुवा के बेलासपुर निवासी रामजी यादव आर्मी के रिटायर्ड सूबेदार हैं। उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक के किशुनपुर शाखा में है। सोमवार की सुबह दस बजे वह उरुवा कस्बे में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
एटीएम पर एक व्यक्ति पहले से ही मौजूद था। उस व्यक्ति ने रुपये निकालने में उनकी मदद की। कार्ड मशीन में डालकर जालसाज ने कोड डलवाया। बाद में जालसाज ने बोला कि एटीएम में रुपये नहीं हैं और कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड उन्हें थमा दिया। बृहस्पतिवार की सुबह जब रामजी बैंक में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे तो पता चला कि खाते से रुपये निकाले गए हैं।
बैंक से पता चला कि बीस हजार रुपये एटीएम से निकाले गए हैं और बाकी रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की गई है। कुछ दिन पूर्व इसी तरह की घटना बंदुआरी निवासी हरि प्रसाद के साथ भी हुई थी। इस संबंध में थानेदार उरुवा बदरूद्दीन खान ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।