गोरखपुर विश्वविद्यालय को शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार रिजल्ट जारी करने में कई कॉलेज रोड़े अटका रहे हैं। ऐसे कॉलेजों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करने का मन बना लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेजों को परीक्षार्थियों का ऑनलाइन भरे गए परीक्षा फार्म की हार्ड कॉपी, नामिनल रोल एवं शुल्क चालान जमा करने का 25 मई तक का अल्टीमेटम दिया है।
शैक्षणिक सत्र में सुधार के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय वार्षिक परीक्षाओं के साथ रिजल्ट भी घोषित करता जा रहा है। स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट घोषित करने के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के परीक्षा फार्म की हार्ड कॉपी, नामिनल रोल एवं शुल्क चालान विश्वविद्यालय के परीक्षा सामान्य कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है, लेकिन कई कालेजों ने अभी तक कई कागजातों को जमा नहीं कराया है।
परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 25 तक जरूरी कागजात जमा नहीं करने वाले कॉलेजों का रिजल्ट रोक दिया जाएगा और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।