गोला इलाके से लापता नाबालिक बेटे की तलाश में जुटे परिजन सोखा के झांसे में आकर पादरी बाजार पहुंच गए, जबकि बेटा दिल्ली में था। वह रविवार की शाम घर लौट आया। बेटे को पाकर उसके माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
गोला इलाके के सुरदापार निवासी संजय शर्मा का 13 वर्षीय बेटा आदित्य बीते 27 नंवबर को स्कूल के लिए निकला था। तभी से वह लापता हो गया था। परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बेटे का पता न चलने पर परिजनों ने सीएम से भी शिकायत की थी। परेशान परिजन एक सोखा से मिले। सोखा ने बताया कि उनका बेटा पादरी बाजार निवासी एक परिवार में है। इसके बाद संजय और उनकी पत्नी मुनिता बेटे की तलाश करते हुए पादरी बाजार चौकी पर पहुंचे।
पुलिस को साथ लेकर परिजन सोखा के बताए अनुसार शाहपुर के आवास विकास कॉलोनी निवासी सविता राय चौधरी के घर पहुंचे, लेकिन उनका बेटा वहां नहीं मिला। थक हार कर परिजन घर चले गए। शाम होते ही उनका बेटा खुद ही घर पहुंच गया। किशोर के आने की खबर मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा ट्रेन से दिल्ली चला गया था और वहां किसी गाड़ी पर काम करने लगा।
सात दिन बाद मिला लापता बच्चा
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके के चक्सा हुसैन निवासी सन्नवर के लापता बेटे रमजान को पुलिस ने रविवार को ढ़ूंढ लिया। पुलिस ने उसके पिता को बुलाकर बच्चे को उनको सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चा बस्ती जिले में चाइल्डलाइन में था। बच्चा बीते 8 दिसंबर को घर के बाहर खेलने के दौरान गायब हो गया था।