रवि किशन ने वनटांगिया गांव को लिया गोद, पंगत में बैठकर खाना खाया
गोरखपुर। शहर के लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने शुक्रवार को आम बाग वनटांगिया (रजही) गांव को गोद लिया। वनटांगिया समाज के लोगों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी मनाया गया और पंगत में बैठकर सहभोज हुआ। सांसद ने खाना परोसने के साथ ही गांव की बेटियों को भी सम्मानित किया। खेलो इंडिया के तहत खेलकूद के सामान के साथ ही कॉपी-किताबें बांटी गईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस को भाजपा सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। इसका वृहद कार्यक्रम शुक्रवार को वनटांगिया गांव में हुआ, जिसमें सांसद ने गांव को गोद लेने का एलान किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला की मौजूदगी में सांसद ने कहा कि आम बाग वनटांगिया अब मेरा गांव है। गांव के विकास और यहां के लोगों की देखरेख की जिम्मेदारी अब हमारी है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश, प्रदेश का विकास तेजी से कर रहे हैं। गोरखपुर में एम्स खुल गया। अभी आईओसी के बाटलिंग प्लांट का उद्घाटन हुआ है। जल्द ही खाद कारखाना भी बनकर तैयार हो जाएगा। बिजली, पानी, चिकित्सा और सड़क की सुविधाएं बेहतर हुई हैं। ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह को सम्मानित भी किया। इस मौके पर विश्वजिताशु सिंह आशु, जनार्दन तिवारी, प्रवीण शास्त्री मौजूद रहे।
पवन दुबे को बनाया जनसंपर्क अधिकारी
शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने पवन दुबे को अपना जनसंपर्क अधिकारी बनाया है। इसका आधिकारिक पत्र भी शुक्रवार को पवन को दिया गया। पवन लोकसभा चुनाव के पहले से ही रवि किशन का काम देख रहे थे। जनसंपर्क अधिकारी बनाए जाने पर पवन को क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित तमाम भाजपा नेताओं ने बधाई दी है।