रोहिन नदी में मरीं मिली थीं मछलियां।
- फोटो : File Photo
नेपाल की शराब फैक्ट्रियों से निकला जहरीला पानी राप्ती नदी को प्रदूषित नहीं कर सका। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच रिपोर्ट में राप्ती के पानी में आक्सीजन की मात्रा बेहतर पाई गई है। बोर्ड ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है।
पिछले कुछ दिनों से रोहिन नदी में मछलियां मरकर पानी की सतह पर उतराती हुई मिल रही थीं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जब इसकी जांच की तो रोहिन के पानी में ऑक्सीजन का स्तर काफी कम पाया गया। नदी में ऑक्सीजन मात्र 1.57 मिलीग्राम प्रति लीटर था, जबकि किसी भी पानी में जलीय जीवों के लिए यह मात्रा कम से कम 5 मिलीग्राम प्रति लीटर जरूरी होता है। इसी क्रम में जब राप्ती नदी के पानी की जांच की गई तो यहां की रिपोर्ट राहत देने वाली मिली। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड गोरखपुर के एएसओ डॉ. टीएन सिंह ने बताया कि अलग-अलग जगहों से राप्ती के पानी के दो सैंपल लिए गए थे, जिसमें ऑक्सीजन की मात्रा सही पाई गइ।
उन्होंने बताया कि जहां राप्ती और रोहिन नदियां मिलती हैं, उस स्थान पर ऑक्सीजन 8.26 मिलीग्राम प्रति लीटर और दूसरे जगह के राप्ती के पानी में आक्सीजन की मात्रा 8.44 मिलीग्राम प्रति लीटर मिली है। रिपोर्ट से साबित होता है कि नेपाल की शराब फैक्ट्रियों से निकला जहरीला पानी राप्ती नदी तक नहीं पहुंच सका। राप्ती नदी तक आते-आते पानी में घुला जहर काफी कम हो गया। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है।