पैडलेगंज तक बनाया जाएगा पाथ-वे, उठा सकेंगे रामगढ़ ताल का आनंद
गोरखपुर। रामगढ़ ताल में शहर के कई इलाकों का गंदा पानी गिरने से रोकने के लिए पैडलेगंज से मारुति शोरूम आरकेबीके तक बांध बनेगा। इस बांध का इस्तेमाल पाथ-वे के रूप में हो सकेगा। इसके साथ ही बांध के किनारे सीवरलाइन भी बिछाई जाएगी। जल निगम की रामगढ़ ताल परियोजना इकाई ने करीब 227 करोड़ लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों की योजना तैयार की है। प्रस्ताव तैयार कर गोरखपुर विकास प्राधिकरण को भेज दिया गया है।
रामगढ़ ताल में अब भी कई इलाकों के नालों का गंदा पानी गिरता है। वहीं पैडलेगंज से मारुति शोरूम आरकेबीके तक ताल के किनारे बने मकानों का गंदा पानी भी बिना शोधन के रामगढ़ ताल में गिरता है। इसको रोकने के लिए रामगढ़ ताल के किनारे बांध का निर्माण होगा। करीब तीन मीटर चौड़े इस बांध का पाथ-वे के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वहीं बांध के किनारे सीवरलाइन बिछाकर ताल में गिरने वाले सारे नालों को टैप कर लिया जाएगा। इसके बाद रामगढ़ ताल में गंदा पानी गिरना पूरी तरह से बंद हो जाएगा। जल निगम ने इसके लिए करीब 227 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है।
पैडलेगंज से मारुति शोरूम तक जो बांध बनाई जाएगी, उसकी चौड़ाई करीब तीन मीटर होगी। इस बांध का इस्तेमाल पाथ-वे के रूप में हो सकेगा। इस बांध के किनारे करीब 500 पेड़ भी लगाए जाएंगे। साथ ही यहां बैठकर ताल का आनंद उठाने के लिए कुल 26 बेंच बनाए जाएंगे। कुल 226.79 करोड़ की योजना तैयार कर जीडीए को भेज दी गई है। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन दीपक कुमार के सामने भी इस प्रस्ताव को रखा जा चुका है। - रतनसेन सिंह, परियोजना प्रबंधक, रामगढ़ ताल परियोजना
ये होंगे काम
पैडलेगंज से आरकेबीके मारुति शोरूम तक 2.5 किलोमीटर लंबाई में बंधे का निर्माण, ताल की तरफ बोल्डर लगाने का काम, इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन, सीवेज इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन, ताल की ओर रेलिंग, सोलर एलईडी लाइट, 500 पेड़ और उनको संरक्षित करने के लिए ट्री गार्ड और बैठने के लिए 26 बेंच लगाई जाएंगी।