गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र ने शुक्रवार को यांत्रिक कारखाने का प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ गहन मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मॉडल रूम, मशीन शॉप, स्मिथि शॉप, व्हील शॉप, रोलर वियरिंग सेक्शन, स्प्रिंग सेक्शन, बोगी शॉप, सेल शॉप को सूक्ष्मता के साथ देखा और संबंधित रेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि संरक्षा मदों की गुणवत्ता को उच्च स्तर का बनाए रखा जाए।
महाप्रबंधक ने यांत्रिक कारखाने में नवनिर्मित बायो डायजेस्टर टैंक के क्लीनिंग स्थल का भी निरीक्षण किया और इसे साफ-सुथरा बनाए रखने की बात कही। उन्होंने सभी यानों में बायो डायजेस्टर टैंक के प्रावधान पर बल दिया। दोबारा बनाए गए यानों का भी मुआयना किया और कोचों में यात्री सुविधाओं की फिटिंग की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कारखाने की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये एक लाख रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की। इसके साथ ही कारखाने के वाटर टैंक सर्विस सेक्शन में नवनिर्मित पार्क का उद्घाटन और पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल शर्मा, मुख्य कारखाना इंजीनियर एके सिंह और मुख्य कारखाना प्रबंधक बी.एस.दोहरे समेत सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।
आज दिल्ली के हिसार नहीं जाएगी गोरखधाम
गोरखपुर। हरियाणा में जाटों के आंदोलन से ट्रेनों के संचलन पर भी असर पड़ा है। आंदोलन को देखते हुए रेल प्रशासन ने गोरखपुर से हिसार तक जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस को शनिवार को दिल्ली से हिसार के बीच निरस्त कर दिया है। यह ट्रेन इस रूट पर शुक्रवार को भी निरस्त रही। इससे यात्रियों को खासी असुविधा हुई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक अगर जाटों का आंदोलन आगे बढ़ा तो ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण या निरस्तीकरण बढ़ाया जा सकता है।