रेलवे स्टेशन रोड पर कार्रवाई करती ट्रैफिक पुलिस से नोकझोंक करते रेलकर्मी।
चालान को लेकर एसपी ट्रैफिक और रेलकर्मियों में नोकझोंक
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन रोड पर सड़क पर खड़े वाहनों के चालान के दौरान एसपी ट्रैफिक और रेलकर्मियों के बीच विवाद हो गया। एक रेलकर्मी की कार का चालान करने पर भड़के रेलवे कर्मचारी संघ के पदाधिकारी सड़क पर आ गए और रेल रोकने की चेतावनी दी। घटना का वीडियो बनाकर यातायात पुलिस की ओर से रेलवे अफसर को भेजा गया है।
बुधवार को एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा अपने सहयोगियों के साथ सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान पर निकले थे। रेलवे स्टेशन रोड पर आठ वाहन सड़क पर खड़े मिले, जिनमें कुछ वाहनों को यार्ड में भेजा गया और कुछ का चालान किया गया। सूचना मिलते ही एक रेलकर्मी वहां पहुंचकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। बहस होने पर कुछ और रेलकर्मी भी आ गए और नोकझोंक शुरू हो गई। यातायात पुलिस के मुताबिक रेलकर्मियों ने कहा कि कार्रवाई हुई तो रेल का चक्का जाम कर देंगे।
नियम सभी के लिए एक हैं। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर सड़क पर खड़े दो वाहनों को लावारिस में दाखिल किया गया और दस वाहनों का चालान किया गया। एक रेलकर्मी वाहन का चालान करने पर उलझे थे। मगर उनके भी वाहन का चालान किया गया।
- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक