मौसम में आए बदलाव के बाद आसमान में बादल छा गए, लेकिन बिना बरसे ही निकल गए।
- फोटो : mahesh kumar
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान रानू के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उड़ीसा के तटीय क्षेत्राें में भारी बारिश हुई थी। उसी के बचे प्रभाव का असर गोरखपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को देखने को मिला। यहां सुबह और शाम को बदली छाई रही। आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विशेषज्ञ एक-दो दिन में बारिश की भी संभावना जता रहे हैं।
एक सप्ताह से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। एक सप्ताह पूर्व अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था पर दो दिन बाद ही फिर पारा 43 डिग्री पहुंच गया। शुक्रवार को अचानक मौसम का मिजाज फिर बदल गया। सुबह से ही मौसम खुशनुमा हो गया। आसमान में बदली और पुरवा हवा से काफी राहत मिली। हालांकि दिन में रह-रहकर धूप भी निकलती रही। शाम को अचानक आसमान में बादल छा गए। तेज हवाएं चलने लगीं। गोरखपुर के बाहरी क्षेत्रों जंगलकौड़िया, पिपराइच में हल्की बारिश हुई, जबकि महानगर में भी बूंदाबांदी हुई।
पश्चिमी विछोभ के कारण पूरब से पश्चिम तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस नाते मौसम में परिवर्तन हो रहा है। 30-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। हल्की बारिश भी हो सकती है।
- कैलाश नाथ पांडेय, मौसम विशेषज्ञ