लखनऊ में शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन करते शिक्षक।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर लखनऊ में धरने के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में शिक्षक डॉ. रामाशीष की मौत का मामला बृहस्पतिवार को गरमा गया। सभी शिक्षक संगठनों ने घटना की निंदा की और दिवंगत शिक्षक के घरवालों को 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। चेत नरायन गुट से जुड़े शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार किया तो दूसरे संगठनों ने श्रद्धांजलि देकर सरकार को कोसा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर शिक्षक नेताओं ने लाठीचार्ज की निंदा करते हुए शिक्षक को श्रद्धांजलि दी और शुक्रवार को डीएम दफ्तर पर धरना देने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। माध्यमिक शिक्षक संघ की मंडल कमेटी की बैठक मंडलीय मंत्री ज्ञानेश कुमार राय की अध्यक्षता में हुई। मंडलीय अध्यक्ष श्रीनाथ दीक्षित ने कहा कि नौ दिसंबर को शिक्षकों और कर्मचारियों के आह्वान पर प्रदेशव्यापी बंदी में संगठन सहयोग करेेगा और 10 दिसंबर को विरोध में चाक डाउन करेंगे। इस दौरान प्रदेशीय मंत्री यशवंत सिंह, रमाशंकर सिंह, मुरलीधर त्रिपाठी, रमेंद्र प्रताप चंद, देवनाथ राय आदि उपस्थित थे।
चेत नरायन गुट के शिक्षकों ने दर्जनों स्कूलों में शिक्षण कार्य से खुद को विरत रखा। सेंट एंड्रयूज कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा हुई। इस दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष हरि मिलन शाही, मंत्री राम मोहन शाही, जय प्रकाश नायक, जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह आदि मौजूद थे। माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के प्रदेश अध्यक्ष शिवाकांत ओझा व जिलाध्यक्ष बलदाऊ द्विवेदी के नेतृत्व में बैठक कर घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने भी लाठीचार्ज की निंदा की। इस दौरान शैलेंद्र पांडेय, जय प्रकाश नायक, सत्य प्रकाश सिंह, ओम प्रकाश त्रिपाठी, एचएन राव आदि मौजूद थे।
एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सपा सरकार के दमनकारी रवैए ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। जब तक सपा सरकार मांगों को पूरा नहीं करती है, कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। अनुसूचित जाति, जनजाति माध्यमिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रताप व जिलाध्यक्ष अभय कुमार ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। नेहरू इंटर कॉलेज बिछिया के शिक्षक व कर्मचारियों ने शोक जताते हुए शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया। शिक्षक संघ पांडेय गुट के महामंत्री जगदीश पांडेय ने कहा कि गांधी इंटर कॉलेज, कुशीनगर में अगले सप्ताह सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।