यूपी के विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद भी जिले के कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘बाहुबली’ बना दिया। एक पोस्टर जारी करके केंद्र सरकार को रावण और कांग्रेस उपाध्यक्ष को जन योद्धा बताया। 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भागो, देश खाली करो। देश के अगले पीएम आ रहे हैं।
केंद्र सरकार की नीतियों और उनके काम के विरोध करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चेतना तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। एक पोस्टर जारी करके राहुल को बड़ा नेता बताया। साथ ही कहा कि राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री हैं। जिला महासचिव अवनर हुसैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों का विश्वास टूट गया है। सरकार बस झूठे आश्वासन पर चल रही है। उसी विरोध में राहुल गांधी को बाहुबली की भूमिका में दर्शाया गया है। बताते चलें कि बाहुबली फिल्म जल्द ही रिलीज हुई है। इसके किरदार में अभिनेता प्रभास ने खासी प्रसिद्धि हासिल की है।