प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर मंगलवार को समाजवादी विकास दिवस के तहत जिले के सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां मंत्री और सपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं अफसरों ने योजनाओं से लाभान्वित होने वालों का दायरा और उसकी खूबियां बताईं। इस दौरान 990 लोगों को विभिन्न योजनाओं के लाभ दिए गए।
चरगांवा में प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आम जन के विकास के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाएं चलाईं हैं जिसका लाभ समाज के हर तबके को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। कहा कि सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना, 102, 108 एंबुलेंस सेवा, पुलिस एवं लेखपालों की भर्ती को पारदर्शी बनाने जैसे कई ऐसे काम किए हैं जिससे समाज का हर तबका लाभान्वित हुआ। कार्यक्रम में एसएसपी अनंत देव, सीडीओ कुमार प्रशांत, सपा जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खान, नगर अध्यक्ष केके त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव, राघवेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
रोल मॉडल बनकर उभरा प्रदेश: गुरदीप सिंह
गोरखपुर। जिले के नोडल अफसर एवं प्रमुख सचिव गुरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से हर तबके के लिए विकास योजनाएं संचालित की गईं। इन योजनाओं की वजह से ही पूरे देश में उत्तर प्रदेश रोल मॉडल बनकर उभरा है और दूसरे प्रदेश भी सरकार की कार्यप्रणाली को अपना रहे हैं।
समाजवादी पेंशन ----- 150
किसान वृद्धावस्था पेंशन ----- 50
लोहिया ग्रामीण अवास ----- 50
निशुल्क लैपटाप वितरण ----- 25
कन्या विद्या धन ----- 75
कामधेनु योजना ----- 20
कृषक दुर्घटना बीमा योजना ----- 30
स्वास्थ्य सुरक्षा ----- 50
निराश्रित महिला पेंशन ----- 50
विकलांग पेंशन ----- 20
कृषि उद्यमी स्वावलंबन संबंधी योजना ----- 19
सोलर फ ोटो वोल्टैक पम्प ----- 11
कौशल विकास मिशन ----- 10
स्वच्छ शौचालय ----- 50
श्रमिकों को साइकिल ----- 350
बैनर लगाती गिरीं सुपरवाइजर, हाथ टूटा
चरगांवा कृषि विद्यालय में समाजवादी विकास कार्यक्रम के दौरान ही विभाग का बैनर लगा रहीँ बाल विकास परियोजना में कार्यरत सुपरवाइजर उर्मिला मिश्रा कुर्सी से गिर पड़ीं, जिससे उनका हाथ टूट गया। एक तरफ सरकार के 108 नंबर एंबुलेंस की खूबियां पर चर्चा हो रही थी वहीं दूसरी तरफ उन्हें आधे घंटे तक इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।
समाजवादी छात्रसभा ने बुकलेट बांटी
सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर सपा की उपलब्धियों वाली बुकलेट बांटी। इस दौरान गवीश दुबे, चंदन दुबे, शहनवाज हुसैन, अंकुर भट्ट, अरविंद कुमार, बलवंत मिश्र, जितेंद्र यादव, जयशंकर मिश्र आदि मौजूद थे।