किशोर दा की 87वीं जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यकम में गीत गाते कुलपति प्रो. अशोक कुमार।
- फोटो : Mahesh Kumar
सदाबहार गायक किशोर कुमार के 87वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर शहर की शाम सुरों से सजी। शहर के सिद्धी लांस में आयोजित संगीत संध्या में किशोर दा के प्रशंसकों ने उनके गीतों को पूरी शिद्दत से गुनगुनाया। इन गीतों में किशोर कुमार का फारेवर अंदाज भी दिखा। देर शाम तक चले आयोजन का सभी ने जमकर लुत्फ उठाया।
आयोजन की शुरुआत गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने किशोर दा के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ की। फिर किशोर कुमार के हमनाम आभास और श्लोक के गीतों से संगीतमयी शाम की शुरुआत हुई। प्यारे बंधुओं, संगीत प्रेमियों..., मुन्ना बड़ा प्यारा जैसे गीतों के साथ सुरों का सिलसिला आगे बढ़ा तो माहौल किशोरमय हो गया। दीप्ति अनुराग सुमन ने ‘मेरे नैना सावन भादो...’ गीत से माहौल में सावन की छटा बिखेर दी। इस गीत पर उपस्थित जनसमूह ने भी सुर से सुर मिलाया। एक लड़की भीगी-भागी सी..., इंतहा हो गई इंतजार की, थोड़ी सी जो पी ली है... जैसे गीतों से सिलसिला जो आगे बढ़ा, वह देर रात तक चलता रहा।
कार्यक्रम का संचालन चंदू लाल ने किया, जबकि संस्था संरक्षक सुमनलता ने कलाकारों और श्रोताओं का आभार ज्ञापन किया। संस्थाध्यक्ष अनुराग सुमन ने आयोजन का औचित्य बताया और लोगों से हर वर्ष के आयोजन में सहयोग की अपील की। इस दौरान पूर्व मेयर अंजू चौधरी, संदीप टेकड़ीवाल, रूप कुमार बनर्जी, बेचन सिंह पटेल, अजीत प्रताप सिंह, मानवेंद्र त्रिपाठी, रवींद्र रंगधर, विवेक श्रीवास्तव, सुगी श्रीवास्तव, आरडी सिंह, दीपक अग्रवाल, मनीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।